अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर: 10 मकान ढहाए, 9 को दो दिन की मोहलत

कोरबा।मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा मुख्य मार्ग पर शनिवार को नगर निगम और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाया। इस कार्रवाई में 10 मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया गया, जबकि 9 कब्जाधारियों को कब्जा हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। कार्रवाई के दौरान भारी हंगामा हुआ, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे कब्जाधारी झुक गए।

जानकारी के अनुसार, जमीन दलालों ने करीब 3 एकड़ शासकीय भूमि को रजिस्ट्री की जमीन बताकर कई लोगों को बेच दिया था। शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद एसडीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि लक्ष्मण लहरे, सीताराम चौहान और राजू सिमोन ने 1 एकड़ भूमि के प्लॉट काटकर 50 रुपये के स्टांप पर करोड़ों रुपये में बेचे। नगर निगम ने कब्जाधारियों को पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बाद शनिवार सुबह 10 बजे निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

कब्जाधारियों का कहना है कि दलालों ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि जमीन रजिस्ट्री की है और उनके मकान सुरक्षित रहेंगे। लेकिन कार्रवाई के दौरान जब मकान तोड़े गए, तो खरीदार दलालों से संपर्क करने पहुंचे, लेकिन वे फरार हो चुके थे। पीड़ितों का कहना है कि उनकी जीवनभर की कमाई डूब गई है और अब वे दलालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

कार्रवाई में नायब तहसीलदार, पटवारी, नगर निगम का तोडू दस्ता, जोन प्रभारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। निगम तोडू दस्ता प्रभारी विमल सिंह गोयल ने बताया कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस दिया गया था, लेकिन कब्जा नहीं हटाने के कारण यह कार्रवाई जरूरी हो गई थी।