कोरबा।भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ ने पावर कंपनी प्रबंधन की वादाखिलाफी और कर्मचारियों की मांगों के निराकरण में देरी के विरोध में आंदोलन शुरू कर दिया है। पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, तकनीकी भत्ता सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर संघ ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन का ऐलान किया है।
संघ ने प्रबंधन को भेजे गए पत्र में बताया कि पुरानी पेंशन योजना, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण, और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कई बार प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय बैठकें हुईं, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों में बढ़ते असंतोष और प्रबंधन की अनदेखी के खिलाफ महासंघ ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
आंदोलन के पहले चरण के तहत 29 अगस्त को पूरे छत्तीसगढ़ के 33 जिलों और क्षेत्रीय मुख्यालयों में आम सभा और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद रैली के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। महासंघ के महामंत्री नवरतन बरेठ ने बताया कि आंदोलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कोरबा में अखिल भारतीय मंत्री व विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल और नवरतन बरेठ रायगढ़ में प्रदर्शन में शामिल होंगे। सभी जगह जोरदार प्रदर्शन के बाद रायपुर मुख्यालय में रैली और घेराव की रणनीति बनाई जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















