बांगो बांध में तेजी से बढ़ रहा जल स्तर, जल्द खोले जाएंगे गेट

कोरबा।मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में लगातार बारिश के कारण जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। कैचमेंट एरिया, विशेष रूप से कोरिया जिले में हो रही अच्छी बारिश के चलते बांध में पानी का भराव 88.76 फीसदी यानी 355.82 मीटर तक पहुंच गया है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, बांध की पूर्ण जलभराव क्षमता 359.66 मीटर है, और यदि जल स्तर 358 से 358.40 मीटर (90 फीसदी) तक पहुंचता है, तो प्रबंधन बांध के गेट खोलकर पानी हसदेव नदी में प्रवाहित करेगा। इसके लिए प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और गेट खोलने का ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है।

पिछले साल इस समय तक बांध पूरी तरह भर चुका था और हसदेव नदी में पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। हालांकि, इस बार रबी सीजन में बांध का जल स्तर केवल 25 फीसदी था। कोरबा और कोरिया जिले में हाल की बारिश ने बांध को तेजी से भरने में मदद की है।

जल संसाधन विभाग ने बताया कि इस बार अच्छी बारिश के कारण खेतों में सिंचाई के लिए पानी की मांग पिछले वर्षों की तुलना में कम रही है, जिससे बांध में जलभराव की स्थिति बेहतर हुई है।