SECL के सतर्कता विभाग ने संपत्ति चोरी में संलिप्त 6 कर्मियों को किया निलंबित

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के सतर्कता विभाग ने कोरबा क्षेत्र की राजगमार और ढेलवाड़ीह खदानों में कंपनी की संपत्ति की चोरी में शामिल कर्मियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने 6 कर्मियों को दोषी पाया और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सतर्कता विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ कर्मी स्टोर से सामान इशू करवाने के बाद लोहे और स्क्रैप को कबाड़ी की दुकानों पर बेच रहे थे। विभाग ने संबंधित गाड़ियों के नंबरों के आधार पर जांच की और दोषी कर्मियों की पहचान की। SECL के कोरबा क्षेत्रीय प्रबंधन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की।

SECL प्रबंधन ने कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा और पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कंपनी ‘शून्य सहनशीलता’ (Zero Tolerance) की नीति अपनाती है और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं या भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।

इससे पहले भी SECL की कॉलोनियों में अवैध बिजली कनेक्शन के मामले में सतर्कता विभाग ने कार्रवाई की थी। इसके अलावा, प्रोजेक्ट डिजीकोल के तहत आधुनिक सेंसर तकनीक का उपयोग कर डीजल चोरी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।