रायपुर पुलिस ने चार साल से फरार शातिर डकैत धनी राम घृतलहरे को आखिरकार धर दबोचा। 30 वर्षीय इस आरोपी ने न केवल डकैती और लूट की वारदातों को अंजाम दिया, बल्कि दो बार पुलिस हिरासत से सनसनीखेज तरीके से फरार होकर पुलिस को चुनौती दी थी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धनी राम को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
धनी राम घृतलहरे, निवासी ब्लॉक 12, पीएम आवास, टेकारी मोड़, दलदलसिवनी, के खिलाफ डकैती, लूट, और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के पांच मामले दर्ज हैं। उसने 19 मई 2021 को डी.के.एस. सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से उपचार के दौरान और 11 नवंबर 2021 को तिल्दा नेवरा से रायपुर लाते समय पुलिस वाहन का कांच तोड़कर और पुलिसकर्मियों पर हमला कर हथकड़ी सहित भागने की वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी था, और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए नगद इनाम की घोषणा की थी।
डकैती और लूट में वांछित
धनी राम पर रायपुर के आरंग और महासमुंद के तुमगांव में शराब दुकानों में डकैती और लूट के गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ दर्ज अपराधों में धारा 459, 380, 395, 394, 186, 224, 332, 353, और 427 भादवि शामिल हैं।
पुलिस की लगातार पतासाजी से मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एसीसीयू और गोलबाजार पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछाकर और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। रायपुर में उसकी मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने पर छापेमारी की गई। भागने की कोशिश में धनी राम के दोनों पैरों में चोट लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















