कोरबा।जिले के मदनपुर गांव में एक स्थानीय निवासी अजय कुमार सिंदर के घर में 15 फीट लंबा विशालकाय किंग कोबरा घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दुनिया के सबसे लंबे विषधर सांप किंग कोबरा की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम को सूचित किया। वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
किंग कोबरा, जो अन्य सांपों को खाकर उनकी जनसंख्या को नियंत्रित करता है, कोरबा जिले में कई बार देखा जा चुका है। स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि किंग कोबरा अत्यंत खतरनाक होता है, लेकिन यह आमतौर पर पहले हमला नहीं करता। हालांकि, इसके काटने से जानलेवा स्थिति बन सकती है। जिले में अब तक लगभग 25 से 30 किंग कोबरा को रेस्क्यू किया जा चुका है, जो ज्यादातर दलदली और पहाड़ी क्षेत्रों में पाए जाते हैं।
वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अपील की है कि किंग कोबरा या अन्य सांप दिखने पर उसे नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग या टोल-फ्री नंबर 8817534455 पर संपर्क करें। किंग कोबरा वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम-1972 के तहत वर्ग-I में संरक्षित है। कोरबा जिले में इस प्रजाति की मौजूदगी वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से गर्व का विषय है, और विभाग मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















