सरपंच ने प्रभारी मंत्री अरुण साव को सौंपा पत्र, सड़क क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं की आशंका जताई
कोरबा।ग्राम पंचायत मिलाई बाजार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क पर राखड़ से भरे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क को क्षतिग्रस्त होने से बचाने, दुर्घटनाओं की आशंका दूर करने और उड़ती धूल से निजात दिलाने के लिए सरपंच रजनी मरकाम ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है।
इस संबंध में सरपंच ने प्रदेश के प्रभारी मंत्री अरुण साव को पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराया है।
सड़क की हालत बिगड़ने और दुर्घटनाओं का खतरा
सरपंच ने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत मिलाई बाजार से प्रतिदिन राखड़ से भरे भारी वाहन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क से होकर केशल्रा-गंगदई मार्ग की ओर जाते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होकर जर्जर होती जा रही है।
इससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
धूल से पर्यावरण प्रभावित, कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
पत्र के अनुसार, राखड़ परिवहन के दौरान उड़ने वाली धूल से गांव का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। सरपंच का कहना है कि इस समस्या से पहले भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है।
सरपंच ने प्रभारी मंत्री से जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















