कोरबा-पाली।कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL की सरायपाली बुड़बुड़ परियोजना में 28 मार्च 2025 की रात कोल लिफ्टर और ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की हत्या के मामले में तत्कालीन AGM सुरेंद्र सिंह चौहान सहित 16 आरोपियों में से 8 की गिरफ्तारी पांच महीने बाद भी नहीं हो सकी है। इस मामले में SECL प्रबंधन की ओर से कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न किए जाने से प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।

पाली पुलिस ने अपनी जांच में चौहान को मामले से बाहर करने की कोशिश की थी, लेकिन प्रथम वर्ग न्यायिक मजिस्ट्रेट, पाली ने 5 अगस्त 2025 को उनके खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 103(1), 61(2)(ए), 190, 191(2), और 191(3) के तहत संज्ञान लेते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया। मई 2025 में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस द्वारा चौहान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बावजूद, उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। चौहान वर्तमान में सोहागपुर परियोजना में स्टाफ ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं, जिसके चलते उन्हें फरार भी नहीं माना जा सकता। इसके अलावा, प्रभात दुबे, मयंक ठाकुर, मोंटी कश्यप, नीलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी, और सूरज पासवान की गिरफ्तारी भी बाकी है।

पुलिस ने इन आरोपियों की अनुपस्थिति में चालान पेश कर दिया है ताकि मामले की सुनवाई में देरी न हो। हालांकि, विरोधी पक्ष और उनके अधिवक्ता पुलिस की कार्यशैली और SECL प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं, और पुलिस व SECL के गैर-जिम्मेदाराना रवैये की आलोचना हो रही है। जनता का कहना है कि गंभीर धाराओं में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी और प्रबंधन की उदासीनता संदेह पैदा करती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















