अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नेत्रहीन किशोरी के साथ उसके दो ममेरे भाइयों द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किशोरी के गर्भवती होने के बाद इस घटना का खुलासा हुआ। पीड़िता के माता-पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों आरोपी पिछले ढाई महीने से गांव से फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, बचपन से नेत्रहीन किशोरी की पढ़ाई नेत्रहीन स्कूल में कुछ कारणों से छूट गई थी। इसके बाद माता-पिता ने उसे लगभग एक वर्ष पहले उसके मामा के घर छोड़ दिया था। इसी दौरान उसके दो ममेरे भाइयों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर माता-पिता उसे अपने घर ले गए। शुरुआत में परिवार ने उसकी बीमारी को जादू-टोना समझकर झाड़-फूंक कराया, लेकिन हालत नहीं सुधरने पर उसे फिर से मामा के घर छोड़ दिया गया। वहां दोबारा दुष्कर्म की घटना हुई।
किशोरी के पेट में दर्द और उभार दिखने पर परिवार को उसके सात माह की गर्भवती होने का पता चला। पूछताछ में किशोरी ने आवाज के आधार पर अपने ममेरे भाइयों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया और उनका नाम बताया। इसके बाद माता-पिता उसे लेकर सीतापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
सीतापुर थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों, जिनमें एक नाबालिग है, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपी ढाई महीने से फरार हैं और उनके स्वजन का कहना है कि वे किसी बोरवेल कंपनी में काम करने गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का फोन भी नहीं उठ रहा है। किशोरी वर्तमान में अपने माता-पिता के साथ है और उसकी स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है। परिवार ने गर्भपात कराने से इनकार किया है ताकि बच्चे के पितृत्व का पता लगाया जा सके।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों में आक्रोश है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
