कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात, फसलों को भारी नुकसान, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा।कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। पसान रेंज के जल्के सर्किल में सक्रिय 10 हाथियों का दल अब केंदई रेंज के सिरमिना सर्किल के दर्रीपारा गांव पहुंच गया है। सुबह इन हाथियों को दर्रीपारा के जंगल में विचरण करते देखा गया। इससे पहले, पसान रेंज के माझापारा में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया और ग्रामीणों के खेतों में लगे धान व मक्का की फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया।

हाथियों का दल तड़के तक माझापारा में फसलों को नष्ट करता रहा और सुबह होने से पहले जंगल की ओर बढ़ गया। जंगल से होते हुए यह दल केंदई रेंज की सीमा में प्रवेश कर दर्रीपारा में डेरा डाल चुका है। वन विभाग के अनुसार, इन हाथियों के साल्हीपहाड़ की ओर बढ़ने और वहां पहले से मौजूद 44 हाथियों के दल में शामिल होने की संभावना है। तीन दिन पहले साल्हीपहाड़ में 44 हाथियों का दल एक साथ विचरण कर रहा था, जिसमें से 10 हाथियों का झुंड अलग होकर पसान रेंज पहुंचा और वहां लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था।

हाथियों की बढ़ती सक्रियता और सिरमिना सर्किल में उनकी मौजूदगी से दर्रीपारा और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। फसलों के नुकसान से किसान परेशान हैं और उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि नुकसान को रोकने के लिए और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।