कोरबा। शहर के सप्तदेव मंदिर से पुराने बस स्टैंड के बीच इन दिनों एक काले सांड का आतंक छाया हुआ है। यह सांड राहगीरों के लिए खतरा बन गया है और अब तक कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है।
स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिक निगम के अधिकारियों से की और सांड को पकड़कर गोठान ले जाने की मांग की, लेकिन निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यह सांड अपनी चालाकी के लिए भी चर्चा में है। वह धीरे-धीरे लोगों के पास जाता है और अचानक हमला कर देता है। बीते दिन इस सांड ने एक ही दिन में तीन लोगों पर हमला किया, जिसमें सभी को चोटें आईं, हालांकि वे बाल-बाल बच गए।
इस घटना को देखकर स्थानीय अधिवक्ता धनेश सिंह ने सजगता दिखाते हुए सांड का वीडियो बनाया और नगर निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण सांड अभी भी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा है।
स्थानीय लोगों में इस सांड को लेकर दहशत बनी हुई है।
राहगीरों का कहना है कि यदि जल्द ही इस सांड को नहीं पकड़ा गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने नगर निगम से काउकेचर टीम भेजकर सांड को पकड़ने और गोठान में ले जाने की मांग तेज कर दी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निगम ने इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
