रेलवे ट्रैक पर मिली लाश की पहचान, मुड़ापार मुक्तिघाम से कब्र खोदकर परिजनों को सौंपा शव

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के भिलाई खुर्द रेलवे पूल के पास 20 अगस्त की देर शाम रेलवे ट्रैक पर मिली कटी हुई लाश की पहचान पांच दिन बाद 40 वर्षीय तुलाराम बिंझवार के रूप में हुई।

तुलाराम, उरगा थाना क्षेत्र के बिरतराई गांव के निवासी थे और अपने बेटे राजेश बिंझवार से मिलने रायगढ़ गए थे, जो वहां डाकघर में कार्यरत है। पहचान के बाद मुड़ापार मुक्तिघाम में दफनाए गए शव को कब्र से निकालकर परिजनों को सौंप दिया गया।

20 अगस्त को मालगाड़ी के ड्राइवर की सूचना पर रेलवे पुलिस और मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की जेब से मिले बस टिकट के आधार पर पुलिस ने व्हाट्सएप पर उनकी फोटो वायरल की और आसपास के थानों में मुनादी कराई।

पांच दिन बाद परिजनों ने फोटो देखकर तुलाराम की पहचान की। परिजनों ने बताया कि वह बेटे से मिले बिना रायगढ़ से लौट रहे थे।

पहचान न होने के कारण शव को दो दिन तक जिला मेडिकल कॉलेज के शव रूम में रखा गया और फिर सामाजिक सेवा संस्था की मदद से मुड़ापार मुक्तिघाम में दफनाया गया।

पहचान होने पर परिजनों के आवेदन पर एसडीएम के आदेश से तहसीलदार दीपक पटेल की मौजूदगी में जिला प्रशासन और पुलिस ने कब्र खोदी और शव परिजनों को सौंपा।

मानिकपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हुआ कि मामला हादसा था या आत्महत्या। पुलिस गहन जांच कर रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी है, और स्थानीय लोग ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।