छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में कैशलेश व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी लागू करने के निर्देश: आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री  लखन लाल देवांगन ने 25 अगस्त 2025 को मंत्रालय महानदी भवन में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक की।

इस दौरान उन्होंने शराब दुकानों में शत-प्रतिशत कैशलेश व्यवस्था लागू करने और सीसीटीवी के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंदिरा दुकानों की व्यवस्था, लाइसेंस प्रणाली, छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन, शराब की गुणवत्ता और आबकारी राजस्व पर विस्तृत चर्चा हुई।

वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग की सचिव श्रीमती आर. शंगीता ने विभागीय गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण दिया।

मंत्री श्री देवांगन ने होटल, ढाबों और फार्म हाउसों में अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर आबकारी जांच चौकियों में सतर्कता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, श्री देवांगन ने शराब दुकानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्यालय से निरंतर निगरानी की व्यवस्था लागू करने को कहा। बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन सहित विभाग के अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।