भुलसीडीह में 10 फीट के अजगर ने किया खरगोश का शिकार, वाइल्डलाइफ टीम ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा

कोरबा।जिले के भुलसीडीह गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक 10 फीट लंबे विशालकाय अजगर ने मकान मालिक मेहतरीन बाई के पालतू खरगोश का शिकार कर लिया। अजगर ने खरगोश को कुंडली मारकर मार डाला, लेकिन उसे निगल नहीं पाया। घटना की जानकारी मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने अजगर को सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकाला और जंगल में छोड़ दिया। मृत खरगोश का मकान मालिक ने पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया।

मकान मालिक मेहतरीन बाई ने बताया कि चार साल से पाले गए खरगोश को रोज की तरह घास देने गई थीं। कुछ देर बाद जब वह दोबारा देखने पहुंचीं, तो खरगोश मृत हालत में पड़ा था और उसके बगल में विशालकाय अजगर कुंडली मारकर बैठा था। मेहतरीन ने चीख-पुकार मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पहले भी उनके घर में सांप निकलने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इतना बड़ा अजगर पहली बार देखा गया। समय रहते अजगर पर नजर पड़ गई, वरना बड़ी घटना हो सकती थी।

वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि लगभग 10 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि अजगर ने खरगोश को मार तो दिया, लेकिन उसे निगलने में असमर्थ रहा और कुंडली मारकर उसके पास ही बैठा था। संभवतः थोड़ी देर बाद वह खरगोश को निगलने का प्रयास करता। जितेंद्र ने यह भी बताया कि अब लोग सांपों के प्रति जागरूक हो रहे हैं और उन्हें मारने के बजाय बचाने में विश्वास रखते हैं।

इस घटना ने भुलसीडीह गांव में सनसनी फैला दी। स्थानीय लोग अब अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक सतर्कता बरत रहे हैं। मेहतरीन बाई ने कहा कि इस तरह की घटनाएं डरावनी हैं, लेकिन समय रहते रेस्क्यू टीम की मदद से स्थिति नियंत्रित हो गई। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों और मानव निवास के बीच बढ़ते टकराव पर ध्यान आकर्षित किया है।