मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, ऑटो चालक के परिवार पर हमला

कोरबा। जिले के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शांति नगर बस्ती में रविवार को एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, सड़क पर मोड़ के पास एक ऑटो चालक और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बाइक सवार युवक ऑटो चालक के घर में घुस गए और वहां मौजूद उसकी पत्नी व बच्चे की जमकर पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही शांति नगर बस्ती के लोग मौके पर जुट गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। इसके बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी देर रात तक मानिकपुर पुलिस चौकी में एकत्र रहे। दूसरी ओर, बाइक सवार युवकों के पक्ष से भी कुछ लोग पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गहन जांच की बात कही है।