कोरबा में रेल नेटवर्क को मिला नया बूस्ट: उरगा-कुसमुंडा के बीच 12.63 किमी लंबी बायपास लाइन निर्माणाधीन


कोरबा। रेल संचालन में तकनीकी दक्षता और संरक्षा को और मजबूत करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल ने एक बड़ा कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर के तहत उरगा से कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन के बीच 12.63 किलोमीटर लंबी कोरबा बायपास लाइन का निर्माण कार्य जारी है।

इस परियोजना के अंतर्गत 27 जुलाई को उरगा स्टेशन पर नई केंद्रीयीकृत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन करते हुए यार्ड रीमॉडलिंग का काम पूरा कर लिया गया। अब कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन में यार्ड रीमॉडलिंग के लिए रेल संरक्षा आयुक्त ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह स्वीकृति उरगा-कुसमुंडा नई द्वि-दिशात्मक लाइन को कुसमुंडा स्टेशन से जोड़ने के लिए दी गई है।

प्रबंधन के अनुसार, कुसमुंडा ब्लॉक स्टेशन में एनआई का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके बाद इस नई बायपास लाइन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इस उपलब्धि से न केवल उरगा-कुसमुंडा सेक्शन में ट्रेनों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित होगा, बल्कि माल और यात्री गाड़ियों के परिचालन में गति, समय की बचत और परिचालन दक्षता भी बढ़ेगी।

नई लाइन के जुड़ने से लाइन क्षमता में वृद्धि होगी, यातायात सुगम होगा और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बताया कि यात्रियों और उद्योगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।