छत्तीसगढ़ी कलाकार स्वप्निल जायसवाल पर हमला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय युवा कलाकार स्वप्निल जायसवाल (Swapneel.ballu) के साथ अंबिकापुर में मारपीट की घटना सामने आई है। स्वप्निल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी, जिसमें उनके कान और पैर पर गंभीर चोटें नजर आ रही हैं। उन्होंने संजय सिंह और अंकित ताम्रकार पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर चिंता जाहिर कर रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

स्वप्निल जायसवाल ने अपने वीडियो में कहा कि बीती रात वह अंबिकापुर में अपने दोस्तों के साथ कार से निकले थे। कार से बाहर आने पर कुछ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनसे पैसे मांगे और फिर मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके कान और पैर में गंभीर चोटें आईं। स्वप्निल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटना एक आम नागरिक को असुरक्षित महसूस कराती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह अकेले होते, तो नुकसान और गंभीर हो सकता था।

स्वप्निल ने वीडियो में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना के बाद वह घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इसे एक कलाकार और आम इंसान के लिए दुखद बताया। स्वप्निल ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है और पुलिस जांच में जुटी है।

स्वप्निल के वीडियो के बाद उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर कमेंट्स के जरिए चिंता जताई है। कई फैंस ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, जबकि कुछ ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्वप्निल की शिकायत पर अंबिकापुर पुलिस ने संजय सिंह और अंकित ताम्रकार के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।