हसदेव एक्सप्रेस में यात्री से दिनदहाड़े मोबाइल लूट, पुलिस ने दबोचा आरोपी

बिलासपुर। हसदेव एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18249) में 20 अगस्त 2025 को चुचहियापारा रेलवे ओवरब्रिज के पास एक सनसनीखेज मोबाइल छिनतई की घटना सामने आई है। ट्रेन बिलासपुर से अकलतरा के बीच धीमी रफ्तार में थी, जब एक युवक ने यात्री पर डंडे से हमला कर उसका वीवो T-30 मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया।

पीड़ित यात्री की शिकायत पर तोरवा थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF/CIB) और बिलासपुर मंडल टास्क टीम के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया।

आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

मुखबिर की सूचना के आधार पर RPF और टास्क टीम ने आरोपी प्रवीण यादव उर्फ नानचा (19 वर्ष), निवासी शांति विहार, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया। उसके पास से ₹34,000 कीमत का चोरी गया वीवो T-30 मोबाइल बरामद किया गया। RPF ने आरोपी और मोबाइल को तोरवा पुलिस के हवाले कर दिया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से कार्य कर रही है। क्षेत्रवासियों ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।