दो किशोरियाँ लापता, अपहरण की आशंका पर पुलिस ने शुरू की तलाश

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से दो किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में बहला-फुसलाकर अपहरण की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

पहला मामला: रामपुर की किशोरी लापता

जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर निवासी एक किसान की 17 वर्ष 11 माह की पुत्री 21 अगस्त 2025 को सुबह करीब 9 बजे “बैंक के काम से जा रही हूँ” कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के बीच तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर 22 अगस्त को करतला थाने में शिकायत दर्ज की गई।

दूसरा मामला: बेहरचुआ की किशोरी गायब

एक अन्य मामले में, ग्राम बेहरचुआ चरखाडॉड निवासी एक किसान की 15 वर्षीय बहन 18 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे के आसपास “मेडिकल जा रही हूँ” कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 22 अगस्त को इस मामले की भी करतला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।

करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 137(2) के तहत अपहरण का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों किशोरियों की तलाश के लिए व्यापक जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में चिंता का माहौल है, और पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।