इंडिपेंडेंस कप 2026: 14-15 अगस्त को होगी बैडमिंटन स्पर्धा

प्रतियोगिता में शामिल होने आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त, विजेता-उपविजेता को मिलेंगे नकद पुरस्कार

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा की ओर से 14 एवं 15 अगस्त को इंडिपेंडेंस कप 2026 बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में मुकाबले होंगे।

विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है।

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को खेल भावना के साथ मनाने के उद्देश्य से प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे से पुरुष एकल अंडर-20 के मुकाबले होंगे। इस वर्ग में योनेक्स मेविस-350 शटलकॉक का उपयोग किया जाएगा। प्रवेश शुल्क 500 रुपए रखा गया है।

15 अगस्त को सुबह 9 बजे से पुरुष एकल के 20-35, 35-50 एवं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मुकाबले होंगे।

इसी दिन महिला एकल ओपन वर्ग की स्पर्धा भी आयोजित होगी। इन मुकाबलों में योनेक्स फेदर शटलकॉक का इस्तेमाल किया जाएगा। संबंधित वर्गों के लिए प्रवेश शुल्क 800 रुपए निर्धारित है।

कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि प्रत्येक इवेंट में कम से कम आठ खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए केडीबीए आईडी अनिवार्य की गई है। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों से समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।