रील के चक्कर में बोलेरो पर खतरनाक स्टंट, हाथ में शराब की बोतल; वायरल वीडियो के बाद चालक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई मानिकपुर पुलिस, बोलेरो जब्त

कोरबा। सोशल मीडिया पर रील और व्यूज पाने के चक्कर में जान जोखिम में डालकर वाहन से स्टंट करना युवक को भारी पड़ गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के हेलीपैड में बोलेरो वाहन पर खतरनाक स्टंट करते हुए बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार कुछ युवक बोलेरो क्रमांक सीजी 12 बीके 5855 से हेलीपैड पहुंचे थे। वायरल वीडियो में एक युवक चलते वाहन की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करता नजर आ रहा है। उसके हाथ में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। इस दौरान वाहन की रफ्तार और स्टंट से किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था। युवकों ने रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया।

वीडियो से हुई आरोपी की पहचान
वीडियो सामने आने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और उसमें सवार युवकों की जानकारी जुटाई। जांच में बोलेरो चालक की पहचान राहुल पटेल, पिता राकेश पटेल, निवासी सुभाष ब्लॉक शॉपिंग सेंटर के पीछे, कोरबा के रूप में हुई।

पुलिस ने राहुल पटेल को गिरफ्तार कर स्टंट में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त कर लिया। वाहन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस पूछताछ में रील और सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज हासिल करने के लिए स्टंट किए जाने की बात सामने आई है।

हेलीपैड में पहले भी सामने आ चुकी हैं स्टंट की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार हेलीपैड क्षेत्र में पहले भी युवक वाहनों से स्टंट करते हुए वीडियो बनाते रहे हैं। खुले मैदान और अपेक्षाकृत कम आवाजाही वाले क्षेत्र का फायदा उठाकर की जाने वाली ऐसी गतिविधियों से हादसे की आशंका बनी रहती है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि जिले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो पर भी पुलिस की नजर है। लोगों से अपील है कि रील और सोशल मीडिया के लिए अपनी या दूसरों की जान खतरे में डालने वाले स्टंट न करें। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।