करतला में बछिया की निर्मम हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा-करतला। करतला हाई स्कूल मैदान में 21 अगस्त 2025 को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दो व्यक्तियों ने मिलकर एक दो वर्षीय सफेद बछिया को निर्मम तरीके से काट डाला और उसका मांस लेकर फरार हो गए।

इस मामले में करतला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा ने बताया कि घटना शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच हुई। प्रार्थी बलवंत राजपूत और उनका दोस्त रितेश गिरी मैदान में घूम रहे थे, जब बारिश के बीच उन्होंने देखा कि करतला निवासी राजेंद्र खाण्डे (28 वर्ष) और राजेंद्र गिरी (45 वर्ष) एक जीवित बछिया को कन्या आश्रम की बाउंड्री वॉल के पास खींचकर ले गए। दोनों ने धारदार टंगिया से बछिया को क्रूरता से काटा और उसके मांस को अलग किया। प्रार्थी और उनके मित्र द्वारा मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की।

घटना की जानकारी प्रार्थी ने मोबाइल के जरिए दिव्या प्रताप सिंह उर्फ शिब्बू और मानसी होटल संचालक महेंद्र पटेल को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने बछिया के अवशेष जब्त किए और प्रार्थी की शिकायत पर राजेंद्र खाण्डे और राजेंद्र गिरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 325, 296, 3(5), छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(ठ) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में संवेदनशील माहौल को नियंत्रित करने में मदद मिली। दोनों आरोपी वर्तमान में जेल में हैं, और मामले की जांच जारी है।