हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त

कोरबा। हरदीबाजार थाना अंतर्गत पुलिस ने हिंसक हमले और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार घटना 17 अगस्त की है। शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार प्रजापति के भाई रोशन प्रजापति पर उनके घर के पास ही आरोपियों के एक समूह ने नशे की हालत में धावा बोल दिया। घटना का कारण आरोपी सोमवार सिंह देव द्वारा गली में गाली-गलौज करने पर रोशन द्वारा उसे टोकना बताया जा रहा है।

इसके बाद सोमवार सिंह देव ने अपने बेटे पृथ्वी, भतीजे शुभम गांगुली और अन्य साथियों के साथ लोहे का रॉड, लोहे का पंच और लकड़ी के डंडे से रोशन प्रजापति पर जानलेवा हमला किया। हमले में पीडि़त के बाएं हाथ और दाएं पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

वर्तमान में उसका कोरबा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों सोमवार सिंह देव 56 वर्ष पिता स्व. कन्हैया लाल, पृथ्वी सिंह देव 19 वर्ष पिता सोमवार सिंह देव व शुभम गांगुली उर्फ गोलू 25 वर्ष पिता विमल कुमार गांगुली सभी निवासी भिलाईबाजार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया है।

हमले में इस्तेमाल किए गए सभी हथियार (लोहे का रॉड, लोहे का पंच, लकड़ी का डंडा) जब्त कर लिए गए हैं।

आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।