रजत जयंती वर्ष:आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण मेला, बेटी बचाओ अभियान और टॉय मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन

कोरबा।छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर कोरबा जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में “पोषण मेला” का आयोजन किया गया।

कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का उद्देश्य लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना था। मेले में पोषण प्रदर्शनी, स्थानीय खाद्य प्रदर्शनी, महतारी हेल्थ कैंप, पोषण परामर्श सत्र और साहित्य वितरण जैसी गतिविधियों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

मिशन शक्ति टीम ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। महिलाओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। वाद-विवाद, चित्रकला और खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

टॉय मेकिंग वर्कशॉप से नवाचार
आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए आनंददायक और शिक्षाप्रद बनाने के लिए टॉय मेकिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पालकों और स्थानीय शिल्पकारों ने अनुपयोगी वस्तुओं से खिलौने और शिक्षण सामग्री तैयार की। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इन आयोजनों का लक्ष्य बच्चों, महिलाओं और समाज को स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के प्रति जागरूक कर राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी तक पहुँचाना है।