कोरबा। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर स्थित देवांगन डेली नीड्स दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोर कैश काउंटर से सामान लेते और फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
दुकान संचालक अजय देवांगन ने बताया कि रात को दुकान बंद करने के बाद सुबह लौटने पर ताला टूटा मिला। उन्होंने मानिकपुर चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज की और आशंका जताई कि यह हरकत आसपास के युवकों द्वारा की गई हो सकती है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बाइक चोरी
कुछ दिन पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रामपुर में रात के अंधेरे में एक काले रंग की बाइक चोरी की घटना सामने आई थी। यह वारदात भी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई, जिसमें चोर साफ दिखाई दे रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि कोरबा में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पहले भी इस क्षेत्र में ऐसी वारदातें हो चुकी हैं।
सीएसईबी पंप हाउस कॉलोनी में साइकिल चोरी
एक अन्य घटना में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एसईसीएल पंप हाउस कॉलोनी में सीएसईबी के पूर्व प्रभारी के क्वार्टर के आंगन से उनकी बेटी की साइकिल चोरी हो गई। यह घटना भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों का हिस्सा है।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि चोरी की शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















