तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025-26 का शानदार समापन, हसदेव क्षेत्र बना चैंपियन

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्यालय स्थित न्यू वसंत विहार बैडमिंटन कोर्ट में 22 अगस्त 2025 को तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025-26 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री हरीश दुहन, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, एसईसीएल ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस टूर्नामेंट में 16 टीमों से 120 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपने जोश और खेल भावना से सभी का ध्यान खींचा।

खेल बढ़ाते हैं अनुशासन और टीम भावना

अपने उद्बोधन में हरीश दुहन ने कहा, “खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। लंबे अंतराल के बाद आयोजित यह टूर्नामेंट एसईसीएल परिवार में खेल संस्कृति को और सशक्त करेगा।” समारोह में निदेशक (तकनीकी) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी सुनील कुमार और मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन सहित कई श्रमसंघ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विजेता और उपविजेता

पुरुष एकल: हसदेव क्षेत्र के अंशुमन घोष ने विजेता का खिताब जीता, जबकि मुख्यालय बिलासपुर के अभिषेक द्विवेदी उपविजेता रहे।

पुरुष युगल: अंशुमन घोष और मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन की जोड़ी ने शानदार तालमेल के साथ खिताब जीता। अभिषेक द्विवेदी और अंकित दुबे उपविजेता रहे।

महिला एकल: कोरबा क्षेत्र की मेघा राय ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि CEWS-गेवरा की बबीता पटवाल उपविजेता रहीं।

महिला युगल: मेघा राय और रजनी दास की जोड़ी विजेता बनी, जबकि विनोदनी और जानकी सिंह उपविजेता रहीं।

वेटरन 45+ पुरुष एकल: मुख्यालय बिलासपुर के नेलसन जतिन कुमार विजेता और दीपका क्षेत्र के दीपक मुखर्जी उपविजेता रहे।

वेटरन 45+ युगल: नरेश प्रसाद कुमार और अमरजीत सिंह ने खिताब जीता, जबकि शिवादित्य त्रिपाठी और दीप भ्रमचारी उपविजेता रहे।

वेटरन 55+ पुरुष एकल: मनोज चोरसिया विजेता और संतोष भोई उपविजेता रहे।

वेटरन 55+ युगल: एस.एस. सोनी और विनोद सिंह की जोड़ी विजेता, जबकि संतोष भोई और अर्शद खान उपविजेता रहे।


टीम चैंपियनशिप: हसदेव क्षेत्र ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि मुख्यालय बिलासपुर उपविजेता रहा।

टूर्नामेंट में एसईसीएल के 13 क्षेत्रों, 2 वर्कशॉप्स और मुख्यालय की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक थी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सविता निर्मलकर, उप-प्रबंधक (राजभाषा) ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन  जी श्यामला राव, महाप्रबंधक (कल्याण) ने प्रस्तुत किया।

यह टूर्नामेंट न केवल एसईसीएल कर्मचारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देने में सफल रहा, बल्कि इसने संगठन में एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत किया। इस तरह के आयोजन भविष्य में भी कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्साह को प्रोत्साहित करेंगे।