नवाडीह हत्याकांड के दोषियों को आजीवन कारावास, ग्रामीणों ने पुलिस को दिया धन्यवाद, लगवाए 16 सीसीटीवी कैमरे

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम नवाडीह में पिछले साल फरवरी में हुई एक युवक की नृशंस हत्या के मामले में कोरबा पुलिस की त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई ने दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई। इस प्रकरण के सफल खुलासे और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पीड़ित परिवार और ग्रामवासियों ने कोरबा पुलिस का आभार व्यक्त करने हेतु एक विशेष धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

पिछले साल फरवरी में हुई इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और मजबूत साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए, जिसके परिणामस्वरूप दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। धन्यवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। ग्रामवासियों ने कहा कि पुलिस की निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में कानून पर जनता का भरोसा और मजबूत किया है।

ग्राम नवाडीह में लगाए गए 16 सीसीटीवी कैमरे

मृतक की स्मृति में पीड़ित परिवार और ग्रामवासियों ने मिलकर ग्राम नवाडीह में 16 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। यह कदम गांव की सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत करने के लिए उठाया गया है। इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा, “ग्रामवासियों द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे समाज के लिए एक प्रेरणा हैं। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि अपने गांव और नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ताकि अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।”

पुलिस और जनता के सहयोग से सुरक्षित समाज

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों और पीड़ित परिवार को संबोधित करते हुए कहा, “कोरबा पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और जनता के सहयोग से ही एक सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।” उन्होंने आम नागरिकों से अपराध या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने और गुप्त सूचना साझा करने की अपील की।

नवाडीह के ग्रामीणों और पीड़ित परिवार द्वारा आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम ने यह साबित किया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास अपराध पर प्रभावी रोकथाम का आधार है। गांव में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे। यह घटना अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणा है कि पुलिस और जनता का सहयोग समाज में शांति और न्याय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।