टोक्यो।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जापान की राजधानी टोक्यो में ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर का दर्शन किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर है, जो शांति और सामर्थ्य का प्रतीक है। मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री साय जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के मानचित्र पर स्थापित करना है। टोक्यो में 22 से 24 अगस्त तक प्रतिनिधिमंडल जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ इन्वेस्टर कनेक्ट सेशंस और व्यावसायिक बैठकों में भाग लेगा।
इसके बाद,ओसाका में 25-26 अगस्त को आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। दौरे का अंतिम चरण सियोल में 27 से 29 अगस्त तक होगा, जहां निवेशक गोलमेज बैठकों और कोरिया की शीर्ष कंपनियों के साथ सेक्टर-विशिष्ट संवाद आयोजित किए जाएंगे।
वर्ल्ड एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की धमक
ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारत मंडपम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नवाचार की संस्कृति और भविष्य-उन्मुख क्षेत्रों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। यह पवेलियन औद्योगिक विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ के परिवर्तन और भविष्य की आकांक्षाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगी।
निवेश और नवाचार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय जापान और दक्षिण कोरिया के उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ सीधे संवाद कर दीर्घकालिक साझेदारियां स्थापित करने, नए व्यापारिक चैनल खोलने और प्रौद्योगिकी व नवाचार के क्षेत्र में ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे। इस दौरे का फोकस इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है। यह मिशन छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह,सचिव रजत कुमार,सचिव राहुल भगत और सीएसआईडीसी के एमडी विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह दौरा छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















