गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्राथमिक शाला बरझोरकी टोला में पदस्थ सहायक शिक्षक सुधीर कुमार राय बच्चों को पढ़ाने के बजाय ठेकेदारी में व्यस्त पाए गए। जांच के दौरान स्कूल में उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को बच्चों को पढ़ाते हुए पाया गया, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी को प्राप्त शिकायत के आधार पर स्कूल का निरीक्षण किया गया। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि सुधीर कुमार राय न केवल स्कूल में अनुपस्थित थे, बल्कि उन्होंने अपने स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति से अध्यापन कार्य करवाया।
बच्चों और उपस्थित व्यक्तियों के बयानों के साथ-साथ वायरल वीडियो से भी इसकी पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त, सुधीर राय की अनियमित उपस्थिति और समय पर स्कूल न आने की शिकायतें भी सामने आईं, जो शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन दर्शाता है।
निलंबन आदेश के अनुसार, सुधीर कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय गौरेला विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है, और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना शिक्षा विभाग में अनुशासन और जवाबदेही के महत्व को रेखांकित करती है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















