नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रख्यात साहित्यकार, शिक्षाविद् और बाल साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले बलदाऊ राम साहू को मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, नई दिल्ली की संयुक्त हिन्दी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह नियुक्ति गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा की गई है, जिसकी सूचना संयुक्त सचिव डॉ. मीनाक्षी जौली ने दी।
बलदाऊ राम साहू ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में लंबे समय तक उल्लेखनीय कार्य किया है। फरवरी 2020 में छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, रायपुर के सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद, वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य और हिन्दी साहित्य भारती छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।
उनकी 30 से अधिक रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें 20 से अधिक बाल साहित्य की कृतियाँ शामिल हैं। उनकी छत्तीसगढ़ी ग़ज़ल संग्रह सुरुज नवा उगइया है और ददरिया में लोक तत्व जैसी पुस्तकें विशेष रूप से चर्चित हैं।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चितरंजन कर, समन्वय साहित्य परिवार छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. देवधर महंत, साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष शशांक शर्मा, वरिष्ठ कथाकार रमेश शर्मा, बाल भास्कर के स्तंभ लेखक श्याम नरायण श्रीवास्तव, कवि-कथाकार बसंत राघव, बाल साहित्य लेखिका सुशीला साहू, डॉ. वंदना जायसवाल और संस्कृतिकर्मी राजीव नयन शर्मा सहित अनेक साहित्यकारों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















