23 अगस्त को पर्पल फेयर: दिव्यांगजनों के लिए कौशल और सशक्तिकरण का मंच

कोरबा। दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण समिति, समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सी.आर.सी.), ठाकुरटोला राजनांदगांव द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से पर्पल फेयर का आयोजन 23 अगस्त शनिवार को प्रात: 10 बजे से सीनियर क्लब सी.एस.ई.बी. फुटबॉल मैदान में आयोजित होगा।

इस मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को अपने कौशल एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने, कौशल विकास के अवसर प्राप्त करने तथा विभिन्न हितधारकों से जुडऩे का एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि सामाजिक समावेशिता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके।

आयोजकों ने सभी दिव्यांगजन, उनसे जुड़े संगठनों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाएं।