कोरबा । नगर पालिक निगम के कोसाबाड़ी जोनांतर्गत निहारिका सुभाष चौक स्थित उजाड़ पड़े फलोद्यान स्थल को विकसित व सुरक्षित किया जाएगा, साथ ही वहॉं पर सुभाष चौक निहारिका घंटाघर क्षेत्र में पार्किंग स्थल फुटपाथ पर अनियंत्रित रूप से लगने वाले फल आदि के ठेलों को विस्थापित व व्यवस्थित किया जाएगा।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज अधिकारियों की टीम के साथ कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न स्थलों का दौरा किया, इस दौरान वे सुभाष चौक स्थित फलोद्यान पहुंचे।
आयुक्त ने स्थल निरीक्षण के पश्चात उक्त सम्पूर्ण फलोद्यान स्थल को प्रीकास्ट बाउण्ड्रीवाल के माध्यम से सुरक्षित करने एवं स्थल को आवश्यकतानुसार विकसित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए तथा इस संबंध में शीघ्र आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
यहॉं यह भी उल्लेखनीय है कि सुभाष चौक निहारिका क्षेत्र व घंटाघर क्षेत्र में फुटपाथ व पार्किंग पर अनियंत्रित रूप से फल ठेले आदि लग रहे हैं, जिनके कारण वाहनों को पार्क करने व आवागमन करने में आमजन को असुविधा होती है, यातायात व्यवस्था बिगड़ती है।
आयुक्त श्री पाण्डेय ने फलोद्यान स्थल को विकसित कर उक्त क्षेत्र में अनियंत्रित रूप से लगने वाले फल ठेलों को वहॉं पर विस्थापित व व्यवस्थित किए जाने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा एवं विपिन मिश्रा, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक मनहरणराम नेताम, सहायक राजस्व निरीक्षक करण पाण्डेय आदि उपस्थित थे।
वर्किंग वूमेन हास्टल तक होगा सडक़ का निर्माण
फलोद्यान के आगे पूर्व में वर्किंग वूमेन हास्टल का निर्माण कराया गया था, किन्तु मुख्य मार्ग से हास्टल तक जाने के लिए सडक़ का अभी अभाव है, आयुक्त श्री पाण्डेय ने हास्टल तक पहुंचने हेतु सडक़ का निर्माण करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी इस मौके पर अधिकारियों को दिए।
ओपनजिम उपकरण व झूलों की मरम्मत शुरू
भ्रमण के दौरान आयुक्त को नागरिकों ने बताया कि स्मृति उद्यान में स्थापित किए गए ओपनजिम के उपकरण मरम्मत योग्य हैं, उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे है। आयुक्त के निर्देश पर तत्काल उपकरणों की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। बंद पड़े फब्बारों को पुन: चालू किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसी तरह कोसाबाड़ी जोन कार्यालय के आगे स्थित निगम के बंद पड़े वीर सावरकर भवन में आवश्यक मरम्मत व सुधार कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुभाष चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया, शौचालय में पानी पर्याप्त उपलब्धता न होने एवं साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर उन्होने वहॉं के केयरटेकर को फटकार लगाई तथा उस पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए व कब्जा को हटवाया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
