कोरबा। पसान थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हुए छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिन में जंगल और आसपास के इलाकों में छिपा रहता था, जबकि रात के सन्नाटे में चोरी-छिपे अपने घर पहुंचकर परिवार से मिलने के बाद फिर जंगल की ओर निकल जाता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 25 सितंबर की आधी रात उसके घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी खीरचंद पिता रामचरण (40) पसान थाना क्षेत्र का निवासी है। उसके खिलाफ छेड़छाड़ का पुराना मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। इसी वारंट के आधार पर पसान पुलिस ने 22 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर थाने लाया था।
शौचालय जाने के बहाने हुआ फरार
थाने में आरोपी से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान उसने शौचालय जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे शौचालय जाने दिया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर पुलिसकर्मी तलाश में निकले तो पता चला कि आरोपी थाना परिसर से फरार हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
आरोपी के फरार होने के बाद उसके खिलाफ अभिरक्षा से भागने का अलग से अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आसपास के जंगल, उसके घर और संभावित आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी व नाकेबंदी की, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चल सका।
रात में घर आता, तड़के फिर जंगल निकल जाता था
पुलिस के मुताबिक फरार होने के बाद आरोपी दिन के समय जंगल और आसपास के इलाकों में छिपा रहता था। बताया गया कि रात में गांव में सन्नाटा होने के बाद वह करीब 11 बजे घर के पिछले रास्ते से पहुंचता था। परिवार से मिलने के बाद सुबह करीब 3 बजे दोबारा जंगल की ओर निकल जाता था।
खेती-किसानी और मजदूरी करने वाला आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए रोज रात में घर पहुंच रहा था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से उसके रात में घर आने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर 25 सितंबर की आधी रात पुलिस टीम ने उसके घर की घेराबंदी की और छापा मारकर खीरचंद को गिरफ्तार कर लिया।
पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि फरार आरोपी खीरचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















