बस स्टैंड क्षेत्र में चला सफाई अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश

सेवा संकल्प के तहत तालाब परिसर की हुई व्यापक सफाई, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खुद संभाली कमान

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा गुरुवार सुबह 8 बजे प्रतीक्षा बस स्टैंड स्थित तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई कर जमा कचरे और गंदगी को हटाया गया।

सफाई अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संगीता साहू, एल्डरमैन श्रीमती सुभद्रा यादव एवं आनंद चौकसे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं सफाई कार्य में जुटकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान तालाब के आसपास की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही जलस्रोत को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

स्वच्छता बनाए रखने की अपील

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर दीपका के निर्माण में सहयोग का संदेश दिया गया। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की कि तालाब एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।