केबीएल-3 में कई जिलों के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम,संभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ

कोरबा।एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना कोरबा के तत्वावधान में 25 से 27 सितंबर तक आयोजित कोरबा बैडमिंटन लीग (केबीएल-3) सीजन-3 का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी इस बार विजेता नहीं बन पाएंगे, उन्हें अगली बार और बेहतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में आरएम, सीजी ग्रामीण बैंक, एडिशनल सीई, सीएसईबी कोरबा वेस्ट तथा एनकेएच हॉस्पिटल कोरबा के निदेशक डॉ. एस. चंदानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने स्वागत भाषण में बताया कि इस बार प्रतियोगिता के सभी मैचों के स्कोर कोर्ट पर डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से दिखाए जा रहे हैं। साथ ही मुकाबलों का लाइव प्रसारण यू-ट्यूब पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल 186 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 140 लीग मैच, 14 सेमीफाइनल और 7 फाइनल सहित कुल 161 मुकाबले खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के बाद केबीएल-3 में वर्ष 2026 के सात विजेताओं का फैसला होगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन की अनुमति तथा कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है।

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि मेजबान कोरबा के अलावा बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। खिलाड़ियों और उनकी कॉर्पोरेट टीमों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।