कोरबा। बांस-बल्ली लेकर जा रहे ट्रैक्टर चालक से कथित तौर पर 5 हजार रुपए की अवैध वसूली के मामले में कोरबा पुलिस ने कार्रवाई की है। रजगामार चौकी में पदस्थ एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक नगर सैनिक को चौकी से हटाकर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना करीब पांच दिन पहले रजगामार चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। गोढ़ी निवासी एक युवक ट्रैक्टर में बांस-बल्ली लेकर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सादे कपड़ों में दो लोगों ने उसे रोका और स्वयं को पुलिसकर्मी बताया।
शिकायत के मुताबिक, दोनों ने बांस-बल्ली के परिवहन के लिए अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए युवक को जेल भेजने की धमकी दी। मामला रफा-दफा करने के नाम पर कथित तौर पर 5 हजार रुपए की मांग की गई। आरोप है कि युवक से यह राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।
इसके बाद पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान आरक्षक और नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जांच के आधार पर रजगामार चौकी में पदस्थ आरक्षक को निलंबित किया गया है। वहीं नगर सैनिक के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















