सड़क पर निर्माण सामग्री और कचरा डालने पर निगम की सख्त कार्रवाई, गायत्री ट्रेडर्स पर 2500 रुपये का जुर्माना

कोरबा। सडक़ पर गिट्टी, रेत, ईंट आदि निर्माण सामग्री डम्प करने पर आज एम.पी.नगर मुख्य मार्ग पर स्थित गायत्री ट्रेडर्स पर निगम ने 2500 रूपये का अर्थदण्ड लगाया, वहीं डॉ.हरीश नायक क्लीनिक के सामने गंदगी बिखरी होने एवं सार्वजनिक स्थान सडक़ में कचरा डालने पर भी निगम द्वारा 1000 रूपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के सार्वजनिक स्थानों, सडक़ों, नालियों तथा अन्य स्थानों में गंदगी करने व सडक़ पर निर्माण सामग्री डम्प करने वालों पर निरंतर कार्यवाही जारी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

नगर पालिक निगम कोरबा के कोसाबाड़ी उप जोन प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता ने बताया कि महाराणा प्रताप नगर मुख्य मार्ग पर स्थित गायत्री ट्रेडर्स के द्वारा सडक़ पर निर्माण सामग्री फैलाकर रखी गई थी, जिस पर निगम ने कार्यवाही करते हुए उन पर 2500 रूपये का अर्थदण्ड लगाया तथा कड़ी हिदायत दी कि वे पुन: सडक़ व सार्वजनिक स्थल पर निर्माण सामग्री डम्प न करें, अन्यथा अर्थदण्ड के साथ-साथ सामग्री को जप्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।  

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पुन: अपील करते हुए कहा है कि सडक़ के किनारे व सार्वजनिक स्थल पर निर्माण सामग्री डम्प न करें, इससे आवागमन बाधित होता है, आमनागरिकों को परेशानी होती है, वहीं सडक़ व सार्वजनिक स्थल पर कचरा डालने, गंदगी करने पर निगम की साफ-सफाई व्यवस्था व शहर की स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इस दिशा में निगम अमले द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है तथा इस पर अर्थदण्ड की कार्यवाही हो रही है।