दीपों से जगमगाया हसदेव तट, आरती के साथ लिया संरक्षण का संकल्प

कोरबा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति के तत्वावधान में मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर हसदेव आरती का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हसदेव नदी की पूजा-अर्चना और आरती कर नदी के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

कोरबा की जीवनदायिनी हसदेव नदी के तट पर आयोजित इस धार्मिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल हुए। आरती के दौरान घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने हसदेव नदी की आरती उतारी और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में कैलाश शर्मा, नागेश गौराहा, क्रान्ति श्रीवास, बसंत वैष्णव और अनूप मिश्रा यजमान रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से हसदेव नदी की पूजा-अर्चना की।

जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पर जोर
नमामि हसदेव सेवा समिति के संयोजक ने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि हसदेव नदी के तटों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि नदी को स्वच्छ और संरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।