जनसमस्याओं के व्यावहारिक समाधान देने का मौका, जिला स्तर पर विजेताओं को मिलेगा 1 लाख रुपये तक का पुरस्कार
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोरबा में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ का शुभारंभ किया गया है। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, उद्यमियों, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य नवप्रवर्तकों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए अपने अभिनव विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के युवाओं और नवप्रवर्तकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को समझकर तैयार किए गए व्यावहारिक नवाचार केवल कोरबा ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
6 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे आइडिया
कलेक्टर ने बताया कि कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के लिए प्रतिभागी 6 अक्टूबर 2026 तक अपने आइडिया और नवाचार संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर की समस्याओं की पहचान कर उनके व्यवहारिक एवं उपयोगी समाधान प्रस्तुत करने होंगे।
पहले स्थान पर 1 लाख रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और उनके नवाचारों को जनहित से जोड़ना है। इससे युवाओं एवं नवप्रवर्तकों को अपनी सोच और रचनात्मक क्षमता को उपयोगी समाधान के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















