महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर, ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बैठक

कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण की महामंत्री श्रीमती भुवनेश्वरी दास, पूर्व जनपद पंचायत पाली सभापति श्रीमती संतोषी पाटले एवं कांग्रेस नेत्री भुवनेश्वरी सिंह ने महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से पाली-तानाखार क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न गांवों में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत अतिथियों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। महिला संगठन की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

बूथ स्तर पर कमेटी गठन पर जोर
श्रीमती संतोषी पाटले ने कहा कि महिला संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

श्रीमती भुवनेश्वरी दास ने गांव के प्रत्येक वार्ड में महिलाओं की बूथ कमेटी गठित करने तथा सक्रिय महिलाओं को पदाधिकारी की जिम्मेदारी देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होने से पार्टी के कार्यों और गतिविधियों को लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

कांग्रेस नेत्री भुवनेश्वरी सिंह ने भी संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। बैठक में ग्राम नुनेरा, बांधाखार सहित आसपास के गांवों की महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन भुवनेश्वरी सिंह ने किया।