घटना स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर आरोपी के घर पहुंचा बाघा, पूछताछ में सहस राम ने हत्या करना स्वीकारा
कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में श्रीमती सुखमनिया एक्का की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका और आरोपी की पत्नी के बीच परिचय था और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। पुलिस जांच में डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित डॉग ‘बाघा’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना स्थल से सुराग लेने के बाद बाघा करीब आधा किलोमीटर दूर एक मकान तक पहुंचा, जहां रहने वाले सहस राम मिंज को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में सहस राम ने घटना में शामिल होने से इनकार किया और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। बाद में पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उसने सुखमनिया की हत्या करना स्वीकार किया।
डॉग स्क्वॉड ने आरोपी तक पहुंचने में की मदद
23 सितंबर को घटना की सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक और साइबर टीम ने जांच में सहयोग किया।
पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। वनांचल क्षेत्र होने और संचार सुविधाओं के सीमित होने के बावजूद जांच आगे बढ़ाई गई। घटनास्थल से सुराग लेने के बाद डॉग ‘बाघा’ ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए करीब आधा किलोमीटर दूर एक मकान तक पहुंचा। इसके बाद मकान में रहने वाले सहस राम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
शराब को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह के संबंध में बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का शराब का सेवन करती थी और आरोपी की पत्नी तथा छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी। सहस राम ने कई बार उसे अपने घर की महिलाओं के साथ शराब नहीं पीने के लिए समझाया था।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की शाम सहस राम बकरी चराकर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी, बहू और सुखमनिया को शराब के नशे में देखा। इस पर उसने सुखमनिया को डांटकर घर से जाने के लिए कहा। सुखमनिया वहां से अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान सहस राम मिंज (38), पिता प्रेम सिंह, निवासी लोकड़हा उरांवपारा के रूप में की है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















