कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के विपिन अध्यक्ष,यादव को सचिव की जिम्मेदारी

कोरबा। कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन एनटीपीसी कोरबा की बैठक 25 सितंबर को एसोसिएशन भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, ठेकेदारों से जुड़ी समस्याओं, आपसी समन्वय और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सदस्यों की सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

सर्वसम्मति से बसंत मिश्रा और आमोद शंकर कश्यप को संरक्षक, विपिन कुमार को अध्यक्ष, श्याम बाबू यादव को सचिव, प्रदीप पाण्डेय को सह-सचिव तथा जसवीर सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया।

ठेकेदारों की समस्याएं सामूहिक रूप से उठाने पर सहमति

बैठक में ठेकेदारों से संबंधित निविदा, कार्यादेश, भुगतान, कार्य विस्तार, सुरक्षा, प्रशासनिक समस्याओं तथा कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सदस्यों ने इन समस्याओं को सामूहिक रूप से संबंधित विभागों और एनटीपीसी प्रबंधन के समक्ष रखने पर सहमति जताई।

बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के हित में मिलकर कार्य करने की बात कही। बैठक के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।