सदस्यों ने आय-व्यय के हिसाब पर उठाए सवाल, 15 सदस्यों ने उप पंजीयक से जांच और चुनाव कराने की मांग की
कोरबा। एसईसीएल एम्प्लाइज को-ऑपरेटिव थ्रिफ्ट क्रेडिट सोसायटी लिमिटेड की वार्षिक आमसभा में शनिवार को संस्था के विभिन्न खर्चों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सदस्यों ने बाइंडिंग, बैठक, कंप्यूटर और अन्य मदों में हुए खर्च का हिसाब मांगते हुए कई सवाल उठाए। सदस्यों का आरोप है कि उन्हें खर्चों के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। विवाद बढ़ने के बाद अध्यक्ष के बैठक से चले जाने की बात भी सामने आई।
मामला अब उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं तक पहुंच गया है। आमसभा के बाद 15 सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपकर बैठक को निरस्त मानने, संस्था के आय-व्यय की विधिवत जांच कराने तथा तत्काल निर्वाचन कराने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा को भी भेजी गई है।
लाखों के खर्च पर उठे सवाल
सीनियर क्लब में आयोजित आमसभा में वर्ष 2025-26 के लेखे का अनुमोदन, लाभांश एवं उपहार पर निर्णय तथा वर्ष 2023-24 और 2024-25 में कक्षा दसवीं और बारहवीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान सहित विभिन्न प्रस्ताव रखे गए थे।
इसी दौरान सदस्यों ने संस्था के अलग-अलग मदों में हुए खर्च का विवरण मांगा। सदस्यों के अनुसार बाइंडिंग पर करीब 85 हजार रुपये, एक अन्य मद में लगभग साढ़े आठ लाख रुपये, बैठक पर 2 लाख 65 हजार रुपये तथा कंप्यूटर मद में करीब साढ़े सात लाख रुपये के खर्च को लेकर सवाल उठाए गए। सदस्यों ने इन खर्चों का विस्तृत ब्योरा और औचित्य जानना चाहा।
42.14 लाख रुपये का घाटा
वर्ष 2025-26 के लेखा-जोखा के अनुसार संस्था को करीब 42 लाख 14 हजार रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज हुआ है। भुगतान की राशि करीब 39 करोड़ 66 लाख रुपये तथा तुलन-पत्र की कुल राशि करीब 44 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। सदस्यों ने घाटे और विभिन्न खर्चों को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा।
सदस्यों का कहना है कि सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बैठक में विवाद की स्थिति बनी और अध्यक्ष बैठक से बाहर चले गए। आमसभा में सहकारी संस्था के उप पंजीयक की मौजूदगी भी नहीं थी।
समिति भंग कर तत्काल चुनाव की मांग
अध्यक्ष के बैठक से चले जाने के बाद 15 सदस्यों ने उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, कोरबा को पत्र सौंपा। इसमें शनिवार की आमसभा को निरस्त मानते हुए उप पंजीयक की मौजूदगी में आय-व्यय के पूरे ब्योरे की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही वर्तमान समिति को भंग कर संस्था में तत्काल निर्वाचन कराने की मांग रखी गई है।
निर्मल सिंह की समिति पर भी सवाल
सदस्यों ने वर्तमान समिति की कार्यप्रणाली और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2022 में उप पंजीयक कार्यालय की ओर से तत्कालीन पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक चुनाव नहीं कराया गया।
पत्र में दीपक कुमार मुखर्जी, एससी मंसूरी, संजय सिंह, बाबूलाल चंद्रा, विष्णुशंकर मिश्रा, अमरजीत सिंह, जी. राजेश, बिहारीलाल, उज्ज्वल कुमार बनर्जी, प्रतीक कुमार पांडेय सहित अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। अब सदस्यों की मांग पर सहकारिता विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















