नगर निगम के गौठान में बदहाली: बछड़े का शव कुत्ते नोच रहे, गायें मरणासन्न, देखभाल और रजिस्टर का अभाव

कोरबा। कोरबा नगर निगम के गौठान में मवेशियों की स्थिति चिंताजनक हो गई है। नगर निगम सभापति नूतन सिंह राजपूत ने गौठान का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने एक बछड़े का शव कुत्तों द्वारा नोचे जाने और तीन-चार गायों को मरणासन्न स्थिति में पाया। निरीक्षण के दौरान गौठान में न तो पशुओं की देखभाल के लिए कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही मवेशियों के लिए खाने-पीने की कोई व्यवस्था थी।

सभापति ने तत्काल इसकी सूचना निगम आयुक्त को दी। इसके बाद अपर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गौठान में मवेशियों के रखरखाव और प्रबंधन से संबंधित कोई रजिस्टर तक मौजूद नहीं था, जिससे पशुओं की स्थिति और देखभाल की जानकारी का अभाव स्पष्ट हुआ।

इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और गौठान प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभापति नूतन सिंह राजपूत ने इस स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में भी इस लापरवाही को लेकर रोष व्याप्त है।

नगर निगम प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना गौठानों में पशुओं की देखभाल और प्रबंधन की कमी को उजागर करती है, जिसे लेकर अब प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।