सीएसईबी चौक बना अव्यवस्था का अड्डा, पुलिस चौकी के सामने उड़ रही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां

कोरबा शहर का सबसे व्यस्त सीएसईबी चौक इन दिनों अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक अराजकता का केंद्र बन चुका है। दोपहिया वाहन जहां-तहां खड़े किए जा रहे हैं, जबकि बड़े वाहन और ऑटो बीच सड़क पर सवारी बैठाने में व्यस्त रहते हैं। इसका परिणाम यह है कि राहगीरों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस चौकी के ठीक सामने हो रहा है, लेकिन तैनात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने हुए हैं।

सीएसईबी चौक पर सुबह से देर रात तक भारी भीड़ रहती है, क्योंकि यह अंबिकापुर, कटघोरा, बिलासपुर जैसे कई क्षेत्रों के लिए बसों का प्रमुख केंद्र है। ऑटो चालकों द्वारा पूल के समीप सवारी बैठाने के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बताया कि सुबह-शाम इस चौक से गुजरना किसी सजा से कम नहीं है। अनियंत्रित पार्किंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

नागरिकों का कहना है कि पुलिस चौकी का बोर्ड तो मौजूद है, लेकिन जिम्मेदारी कहीं खो गई है। चौकी के सामने ही ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों का मानना है कि यदि पुलिस सक्रियता दिखाए तो इस समस्या का समाधान एक दिन में हो सकता है। स्थानीय व्यापारी और राहगीरों ने पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

चौक पर भारी भीड़ के बावजूद सुलभ कॉम्प्लेक्स की सुविधा नहीं है, जिसके कारण विशेष रूप से महिलाओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक वे इस अव्यवस्था की कीमत चुकाते रहेंगे? उन्होंने पुलिस और नगर निगम से मांग की है कि सीएसईबी चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और चौक पर अवैध पार्किंग व सवारी बैठाने की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। साथ ही, नगर निगम से सुलभ कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है ताकि आम जनता, विशेषकर महिलाओं को राहत मिल सके।