48 लाख की लागत से बरपारा कोहडिया में सर्वसुविधायुक्त उद्यान का लोकार्पण, मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा- सबका साथ, सबका विकास

कोरबा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की संकल्पना को साकार करने के लिए पूर्ण इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने वादा किया कि कोरबा नगर पालिक निगम के सभी वार्डों में बिना भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य होंगे और जन समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता व प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।

मंत्री श्री देवांगन रविवार को बरपारा कोहडिया में आयोजित एक लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा केंद्र सरकार के एनसीएपी मद से 48 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 18, बरपारा कोहडिया मुख्य मार्ग के किनारे निर्मित सर्वसुविधायुक्त उद्यान का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत ने की।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि महापौर के कार्यकाल में भी नगर निगम ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, मेयर इन काउंसिल के सदस्य,पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, अजय चन्द्रा, ममता यादव, युगल कैवर्त, पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, प्रताप सिंह कंवर, ईश्वर पटेल, पूर्व पार्षद दिनेश वैष्णव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, नरेंद्र पाटनवार, प्रफुल्ल तिवारी, राजेश राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।