रायपुर । राजधानी रायपुर के महादेव घाट में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमलेश्वर से रायपुर की ओर आ रहा एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक अनियंत्रित होकर खारून नदी में जा गिरा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने नदी में गिरने से पहले महादेव घाट के पास एक पान ठेले को जोरदार टक्कर मारी।
इस दौरान वहां मौजूद लोग समय रहते हट गए और बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक भी किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय चालक नशे में था, जिसके कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। फिलहाल क्रेन की मदद से ट्रक को नदी से बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के नशे में होने की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की भी मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

