चार उपसंभागों में बीटी पैच कार्य के लिए 280 लाख रुपये स्वीकृत, गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश
कोरबा। वर्ष 2026 के वर्षाकाल में हुई भारी बारिश से जिले की कई सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गड्ढों और उखड़ी सड़क की वजह से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने जिले में लगभग 154 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर बिटुमिनस टॉपिंग (बीटी) पैच मरम्मत कार्य शुरू कराया है। इन कार्यों के लिए कुल 280.05 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विभाग ने दिसंबर तक मरम्मत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कई कार्यों के कार्यादेश जारी कर मरम्मत शुरू करा दी गई है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
चार उपसंभागों को मिली राशि
जिले के चार उपसंभागों में सड़क मरम्मत के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है। कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-1 को 50 लाख रुपये, कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-2 को 50.05 लाख रुपये, कोरबा उपसंभाग को 105 लाख रुपये और भैसमा उपसंभाग को 75 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इस तरह कुल 280.05 लाख रुपये से सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
प्रमुख मार्गों पर होगा बीटी पैच कार्य
मरम्मत के दायरे में उरगा-चांपा, कोरबा, सीपत-बलौदा-हाटी, रामपुर-बेहरचुआ-नोनबिर्रा और कुदमुरा-श्यांग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा पाली-दीपका, तिवरता-लिटियाखार, पुरेना-विजयनगर, कटघोरा-सलोरा तथा पाली, चैतमा और कटघोरा बाईपास मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा।
इसी तरह सुतर्रा-बांकी, बांकी-गजरा, बांकी-भैरोताल, हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग, खैरा डुबान-रामदेई, बक्साही-सीस बाजार, नोनबिर्रा-रतीजा, उड़ता-भाड़कछार, जेमरा-चैतुरगढ़ और नेवसा-जोरहाडबरी मार्गों पर भी मरम्मत की योजना है। राहा-रावा, पसान-पिपरिया-दुल्लापुर, कोरबी-जलके और जलके-पिपरिया मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के छूटे हुए हिस्से में भी मरम्मत की जाएगी।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर एजेंसियां निर्धारित की गई हैं और कार्य शुरू करा दिया गया है। दिसंबर माह तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
विभागीय सचिव एवं मंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत सड़क कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















