भालू का शिकार, दो आरोपी गिरफ्तार; मांस खाया,सिर और खाल तालाब में फेंकी

सारंगढ़ । बरमकेला वन परिक्षेत्र के छिछपानी 942 पीएफ नंबर में एक दिल दहला देने वाला वन्यजीव शिकार का मामला सामने आया है। दो आरोपियों, जुगलाल सिदार और ज्योतिराम सिदार, ने भालू का शिकार कर उसका मांस खाया और सिर व खाल को तालाब में फेंक दिया। तालाब में तैरते भालू के कटे सिर और खाल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला उजागर हुआ।

सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग ने शुरू में इस घटना को दबाने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया के दबाव के बाद कार्रवाई शुरू हुई। 13 अगस्त की रात को हुई इस घटना के बाद वन विभाग ने कपरतुंगा गाँव के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

प्रदेश में हाल के महीनों में बाघ, तेंदुआ और अब भालू जैसे वन्यजीवों के शिकार की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जो वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वन विभाग ने मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।