पशु तस्करी के दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 110 पशुओं को बचाया गया

बलरामपुर । जिले की विजयनगर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों, अकबूल और शमशेर, को गिरफ्तार किया है।

दोनों झारखंड के रहने वाले हैं। यह कार्रवाई 15 अगस्त 2025 की रात को की गई, जब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्करी के लिए निकल रहे इन आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल 2025 को विजयनगर पुलिस ने झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 110 पशुओं को जब्त किया था। पशुओं को गोशाला भेजा गया और कुछ आरोपियों को पहले ही न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। पूछताछ के दौरान तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड अकबूल और शमशेर की तलाश तेज कर दी।

15 अगस्त की रात को पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पशु तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों के खिलाफ थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 63/2025 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज किया गया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।